अप्रतिम कविताएँ
बन्धन दूँ क्यों

चिर मुक्ति न दे पायी जिसको, उसको फिर बन्धन दूँ तो क्यों?

मधुमय प्रभात की बेला में,
रवि ने संध्या का किया मोल;
तब कमल दलों ने भंवरों को,
निज बन्दीगृह से दिया खोल;

तो भी मेरे भोले बन्दी!
तुम भी निज को आजाद करो;
फिर साहस लेकर एक बार,
सूनी कुटिया आबाद करो!

मैं आत्म-समर्पण कर न सकी, झूठा अभिनन्दन दूँ तो क्यों?
चिर मुक्ति न दे पायी जिसको, उसको फिर बन्धन दूँ तो क्यों?

शशि-तारावलि-सा विभव जान,
तुम हाथ बढ़ाओगे कब तक?
राही दो दिन की मंजिल है—
आख़िर पछताओगे कब तक?
(विभव - वैभव)

मेरी विरक्ति में निज कल्पित
विश्वास छिपाओगे कब तक?
फिर भूली भटकी भूलों की
उलझन सुलझाओगे कब तक?

जिससे आकर्षित हो न सकी, उसको आकर्षण दूँ तो क्यों ?
चिर मुक्ति न दे पायी जिसको, उसको फिर बन्धन दूँ तो क्यों?

क्यों जीवन अभिनय का सहसा
कर दिया मुझे ही सूत्रधार?
मेरे इन कंपित हाथों में
नायक कब है साहस अपार?

लो शून्य यवनिका के पीछे
नेपथ्य किसी से बोल उठा :
'क्षण में होना है पटाक्षेप --
अंतिम निर्णय, अंतिम पुकार।'
(यवनिका - पर्दा; पटाक्षेप - समाप्ति)

जब बन न भूमिका ही पायी, फिर पट परिवर्तन हूँ क्यों?
चिर मुक्ति न दे पायी जिसको, उसको फिर बन्धन दूँ क्यों?

तुम देनेवाले बने रहे
मैं लेनेवाली बन न सकी;
तुम बन करुणा का स्रोत बहे
मैं उसका जीवन बन न सकी;

अपनी टूटी नौका लेकर
तुम तूफानों में उतर पड़े;
लेकर के तुम उत्सर्ग गये
मैं मौन विसर्जन बन न सकी।
(उत्सर्ग - त्याग, बलिदान)

जिसको अबतक अपना न सकी, उसको अपनापन दूँ तो क्यों?
चिर मुक्ति न दे पायी जिसको, उसको फिर बन्धन दूँ तो क्यों?

निश्चित सुख-दुख की सीमाएँ,
आशा का होता अन्त नहीं;
किस जीवन पतझड़ में आता,
हँस-हँस कर पुनः बसन्त नहीं?

यह तो अनन्त की राह पथिक,
कब अपने, अपने रहे सदा?
कल्पना सत्य हो जाती है,
कब सपने, सपने रहे सदा?

भगवान न जिसकी बन पायी, फिर पूजा अर्चन लूँ तो क्यों?
चिर-मुक्ति न दे पायी जिसको, उसको फिर बन्धन दूँ तो क्यों?

जब दीपावलि की प्रथम-ज्योति
अपनी ही लय में हुई लीन;
तब नीरव-नयनों के आगे
आयी किसकी प्रतिमा-मलिन?

मैं बोली पुण्य-पुजारी अब
भूलो तुम फूलों की सुस्मृति;
लो भस्म लगाते बढ़ जाओ
यह इसकी इति, इसकी निष्कृति।
(इति - अन्त; निष्कृति - निस्तार)

तुमने तो रोली चाही थी, बदले में चन्दन दूँ तो क्यों?
चिर-मुक्ति न दे पायी जिसको उसको फिर बन्धन दूँ तो क्यों?
- शान्ति मेहरोत्रा
काव्यपाठ: नूपुर अशोक
पुस्तक "खुला आकाश: मेरे पंख" से

काव्यालय पर प्रकाशित: 22 May 2026

***
सहयोग दें
विज्ञापनों के विकर्षण से मुक्त, काव्य के सुकून का शान्तिदायक घर... काव्यालय ऐसा बना रहे, इसके लिए सहयोग दे।

₹ 500
₹ 250
अन्य राशि
शान्ति मेहरोत्रा
की काव्यालय पर अन्य रचनाएँ

 एक मनःस्थिति
 ओ माँ बयार
 बन्धन दूँ क्यों
भावुकता और पवित्रता

भाव-रस के लिए हमारे हृदय में एक स्वाभाविक लोभ होता है। काव्य और शिल्पकला से, गल्प, गान और अभिनय से, भाव-रस का उपभोग करने का आयोजन हम करते रहते हैं।

प्राय: उपासना से भी हम भाव-तृप्ति चाहते हैं। कुछ क्षणों के लिए एक विशेष रस का आभोग करके हम यह सोचते हैं कि हमें कुछ लाभ हुआ। धीरे-धीरे इस भोग की आदत एक नशा...

पूरे आलेख को इस लिंक पर पढ़ें -
इस महीने :
'नफ़रत'
विस्सावा शिंबोर्स्का


देखो, तो अब भी कितनी चुस्त-दुरुस्त और पुरअसर है
हमारी सदी की नफ़रत,
किस आसानी से चूर-चूर कर देती है
बड़ी-से-बड़ी रुकावटों को!
किस फुर्ती से झपटकर
हमें दबोच लेती है!

यह दूसरे जज़्बों से कितनी अलग है --
एक साथ ही बूढ़ी भी और जवान भी।
यह खुद ..

पूरी प्रस्तुति यहाँ पढें और सुनें...
इस महीने :
'न्यूज़ चैनल'
प्रियदर्शन


यहाँ त्रासदियाँ
प्रहसन में बदली जाती हैं,
भाषा तमाशे में
और लोग कठपुतलियों में।
तबाहियों की खुराक
इसका पेट भरती है।
बहुत मनोयोग से
किया जाता है
..

पूरी प्रस्तुति यहाँ पढें और सुनें...
इस महीने :
'राम की जल समाधि'
भारत भूषण


पश्चिम में ढलका सूर्य उठा वंशज सरयू की रेती से,
हारा-हारा, रीता-रीता, निःशब्द धरा, निःशब्द व्योम,
निःशब्द अधर पर रोम-रोम था टेर रहा सीता-सीता।

किसलिए रहे अब ये शरीर, ये अनाथमन किसलिए रहे,
धरती को मैं किसलिए सहूँ, धरती मुझको किसलिए सहे।
तू कहाँ खो गई वैदेही, वैदेही तू खो गई कहाँ,
..

पूरी प्रस्तुति यहाँ पढें और सुनें...
संग्रह से कोई भी रचना | काव्य विभाग: शिलाधार युगवाणी नव-कुसुम काव्य-सेतु | प्रतिध्वनि | काव्य लेख
सम्पर्क करें | हमारा परिचय
सहयोग दें

a  MANASKRITI  website