
मध्य प्रदेश में जन्मी अंशु जौहरी ने जबलपुर से वैद्युत अभियांत्रिकी और सैन होजे स्टेट युनिवर्सिटी, कैलिर्फोनिया से स्नातकोत्तर, डिजिटल डिजाईन की डिग्री प्राप्त की। वर्तमान में ये हार्डवेयर अभियंता हैं और हिंदी तथा अंग्रेजी में कवितायें, कहानियाँ, तथा नाट्य लेखन करती हैं।
इनकी प्रकाशित कृतियों में काव्य संग्रह -’खुले पृष्ठ’, ‘बूंद का द्वंद्व’, ‘तुमसे जुड़े बिना‘ तथा कहानी संग्रह - ‘शेष फिर’, ‘अदृश्य किनारा‘ और ‘स्क्रेप्ड‘( अंग्रेज़ी कहानी संग्रह), ‘जिसकी जड़ें नहीं’ शामिल हैं। विश्व की हिंदी पत्रिकाओं में कवितायें तथा कहानियाँ निरंतर प्रकाशित होती रही हैं जिनमें नया ज्ञानोदय, कादंबिनी, नवनीत, हंस, कथाक्रम, कथाबिंब, वागर्थ, अभिनव इमरोज़, विभोम स्वर, वर्तमान साहित्य, हिंदी जगत, विश्वा, ‘अक्षरा‘ उल्लेखनीय हैं।
अंग्रेजी कहानी तथा कवितायें ‘‘सेज‘‘,‘‘सोल लिट‘‘, ‘‘डुकूल‘‘, ‘‘वाईन लीव्स लिट्रैरी जरनल‘‘, ‘‘क्रियेशन एंड क्रिटिसिस्म‘‘, ‘‘कैलियोप‘‘ तथा ‘‘सैज़्यूरा‘‘ में प्रकाशित हैं।
इन्होंने 1998 में इंटरनैट पर विश्व की सर्वप्रथम हिंदी वैबजीनों में से एक - ’उद्गम’ नाम की हिंदी की साहित्यिक वैबजीन की शुरुआत की तथा 2004 तक उसका संपादन किया। इसके अलावा अभिनय, निर्देशन तथा पेंटिग में भी गहन रुचि रखने वाली अंशु जौहरी सैन होज़े, कैलिर्फोनिया, अमेरिका की निवासी हैं। इन्हें ग्लोरियस इंडिया अवार्ड 2017 (साहित्य) और कथाबिंब का कमलेश्वर स्मृति कथा सम्मान 2019 से अलंकृत किया जा चुका है।